भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाज सेविका एवं महान शिक्षाविद् सावित्रीबाई फुले की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने समाज सुधार और महिला शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने पुणे में देश का पहला बालिका विद्यालय स्थापित कर शिक्षा के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों को चुनौती दी और नारी सशक्तिकरण की मजबूत नींव रखी।
डॉ. यादव ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने विशेष रूप से दलित और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए शैक्षणिक संस्थानों की शुरुआत की और ज्ञान के आलोक से समाज को प्रकाशित किया। उनका जीवन संघर्ष, साहस और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र सदैव सावित्रीबाई फुले के योगदान का ऋणी रहेगा और उनके विचार आज भी समतामूलक समाज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
