जबलपुर: मदन महल थाना क्षेत्र अंतर्गत एटीएम में एक बुजुर्ग व्यापारी जब अपने बैंक खाते में पैसे जमा करने एटीएम पहुंचे तभी एक अज्ञात जालसाज ने चालाकी से उनका कार्ड बदल दिया और महज दो मिनट के भीतर उनके खाते से 50 हजार रुपये पार कर दिए।पुलिस के अनुसार उखरी रोड स्थित श्रद्धा कॉलोनी निवासी 64 वर्षीय सतीष अग्रवाल गौरी फैशन गैलरी संचालक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, बलदेवबाग शाखा में एनका खाता है। मदन महल बस स्टैंड स्थित यूनियन बैंक के एटीएम में 15,900 रुपये जमा करने गए थे तभी उनके साथ ठगी हो गई।
दो मिनट में खाली किया खाता
पैसे जमा करने की प्रक्रिया के दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद के बहाने या नजर बचाकर सतीष अग्रवाल का एटीएम कार्ड बदल दिया। कार्ड हाथ लगते ही जालसाज ने मात्र 2 मिनट में 10-10 हजार रुपये के पांच ट्रांजैक्शन कर कुल 50,000 रुपये निकाल लिए।
जयपुर से जुड़ा है ठगी का तार
जब पीडि़त ने बैंक से संपर्क किया, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। ठगी की राशि जिस खाते में ट्रांसफर हुई या जहां से लिंक दिखी, वह खाता जावेद नामक व्यक्ति के नाम पर दर्ज है। बैंक अधिकारियों ने बताया कि उक्त खाता जयपुर राजस्थान का है और वर्तमान में उसे फ्रीज कर दिया गया है।
