दिल्ली में शर्टलेस प्रदर्शन पर छिड़ा सियासी संग्राम, भाजपा का राहुल गांधी के आवास पर जोरदार हल्ला बोल, वीरेंद्र सचदेवा और मनोज तिवारी हिरासत में

नई दिल्ली | दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय AI समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन ने अब बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है। इस घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आवास के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और सांसद मनोज तिवारी सहित कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया है। प्रदर्शन के मद्देनजर मानसिंह रोड और अकबर रोड के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनाती की गई है।

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस के कृत्य को “गिरा हुआ” बताते हुए कहा कि समिट में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे और ऐसे समय में विरोध करना देश विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। वीरेंद्र सचदेवा ने भी तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते अब राहुल गांधी देश का विरोध करने लगे हैं। भाजपा का तर्क है कि यह किसी दल का नहीं बल्कि राष्ट्र का कार्यक्रम था, और इस तरह के प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख को ठेस पहुँचाने की कोशिश की गई है।

दूसरी ओर, भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए चार यूथ कांग्रेस नेताओं—कृष्ण हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिंह यादव को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया है। इन नेताओं पर समिट के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़ने और प्रोटोकॉल के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं। कांग्रेस और भाजपा के बीच शुरू हुआ यह विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे दिल्ली की सड़कों पर भारी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद से लेकर सड़क तक और गरमाने के आसार हैं।

Next Post

श्रीनगर में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी सुरक्षाबलों की बीपी बंकर गाड़ी, सात सीआरपीएफ जवान गंभीर रूप से हुए घायल

Sat Feb 21 , 2026
श्रीनगर | श्रीनगर के डगपोरा इलाके में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के सात जवान घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अहमद नगर के उमर हेयर रोड पर एक तेज रफ्तार बीपी बंकर गाड़ी के चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद […]

You May Like