
जबलपुर। बरेला थाना अंतर्गत बमबमपुरा में आज उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पुराने बंद स्कूल के कमरे में एक अज्ञात व्यक्ति का नरकंकाल मिला। करीब डेढ़ महीने पहले मौत होने की आशंका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज नगर परिषद बरेला में कार्यरत सफाई कर्मी अशोक डुमार निवासी बमबमपुरा ने थाने में सूचना दी कि जब वह पुराने शासकीय प्राथमिक कन्या शाला के पास से गुजर रहा था, तो उसे वहां से भारी दुर्गंध आई। स्कूल के भीतर जाकर देखने पर एक कमरे में एक अज्ञात व्यक्ति का कंकाल पड़ा हुआ था, जिसमें सिर, जबड़ा, दांत और पैरों की हड्डियां शेष बची थीं।
सूचना मिलते ही बरेला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर लिया गया है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
डेढ़ माह से नहीं दिखा था बुजुर्ग
जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 65 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक बुजुर्ग मानसिक रूप से विक्षिप्त था और क्षेत्र में भिक्षावृत्ति कर अपना गुजारा करता था। वह अक्सर इसी स्कूल के खाली कमरे में सो जाता था। पिछले करीब डेढ़ महीने से उसे क्षेत्र में नहीं देखा गया था, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि शव उसी का है।
