
बैतूल। बैतूल में रेलवे लाइन पार करते समय एक बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मंडई खुर्द निवासी 50 वर्षीय मद्दा धुर्वे (पिता चैतु धुर्वे) के रूप में हुई है। हादसा बुधवार शाम मानस नगर स्थित ऑयल मिल के पीछे रेलवे लाइन पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मद्दा धुर्वे रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी अचानक ट्रेन आ गई और वह उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका एक हाथ और शरीर का पिछला हिस्सा गंभीर रूप से कट गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना रेलवे कर्मचारियों ने रेलवे सुरक्षा बल को दी। इसके बाद आरपीएफ ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
जांच अधिकारी दीवान सिंह बनकर ने बताया कि मृतक की मानसिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है और वह अक्सर इधर-उधर घूमता रहता था। प्रारंभिक जांच में मामला रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने का पाया गया है। मृतक के शरीर पर ट्रेन से टकराने के स्पष्ट निशान मिले हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
