
छतरपुर। जिले के ईशानगर में स्थित शासकीय सांदीपनि उच्च माध्यमिक विद्यालय ईशानगर में परीक्षा के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। कक्षा 12वीं के छात्र गोलू कुशवाहा पर परीक्षा देते समय दीवार का प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे उसके सिर, कंधे और उंगलियों में चोटें आईं। घटना कक्ष क्रमांक 14 में हुई, जहां छात्र परीक्षा दे रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलू कुशवाहा गहरवार स्कूल का विद्यार्थी है और उसका परीक्षा केंद्र ईशानगर स्थित इस विद्यालय में बनाया गया था। पेपर के दौरान अचानक दीवार का प्लास्टर टूटकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
छात्र ने आरोप लगाया है कि परीक्षा केंद्र की कई कक्षाएं जर्जर हालत में हैं। उसका कहना है कि हादसे के बाद भी कोई शिक्षक उसके साथ अस्पताल नहीं गया, जिससे उसे उपचार में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वहीं प्रभारी प्राचार्य का कहना है कि परीक्षा से पहले कक्षाओं की जांच की गई थी और ऐसी किसी घटना की संभावना प्रतीत नहीं हो रही थी। केंद्र अध्यक्ष से संपर्क नहीं हो सका।
घटना के बाद अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है। सवाल उठ रहे हैं कि यदि भवन सुरक्षित था तो प्लास्टर कैसे गिरा? क्या जर्जर भवन में परीक्षा कराना उचित है? मामले में जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
