चेन्नई, 19 फरवरी (वार्ता) तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा के चुनावों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मार्च के पहले सप्ताह में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।
श्री मोदी 1, 7 और 11 मार्च को राज्य के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह राजनीतिक रैलियों को संबोधित करेंगे। साथ ही साथ कई बड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुताबिक श्री मोदी 1, 7 और 11 मार्च को राजग की चुनावी रैलियों को संबोधित करने के लिए राज्य का दौरा करेंगे। इसके अलावा वह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के एक हिस्से का उद्घाटन करेंगे और पहाड़ी की चोटी पर बने तिरुप्रंकुंद्रम मंदिर जाएंगे, जो भगवान मुरुगा के छह घरों में से एक है।
श्री मोदी एक मार्च को मदुरै ज़िले में अपना प्रचार शुरू करेंगे, जहां वे रिंग रोड के पास राजग की ओर से आयोजित एक सार्वजनिक रैली में हिस्सा लेंगे। इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मदुरै एम्स परिसर के पूरे हो चुके ब्लॉक का उद्घाटन करेंगे और उम्मीद है कि वे मदुरै-रामेश्वरम स्पेशल ट्रेन सर्विस को हरी झंडी दिखाएंगे। साथ ही देश को विकास की अन्य परियोजनाओं को भी समर्पित करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रनने कहा कि प्रधानमंत्री मदुरै दौरे के दौरान तिरुपरनकुंद्रम मंदिर जाकर पूजा भी कर सकते हैं।
पहाड़ी पर बना यह मंदिर हाल ही में कार्तिगई दीपम लाइटिंग विवाद की वजह से सुर्खियों में रहा था। मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै पीठ ने इसकी इजाज़त दे दी थी और पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देकर इजाज़त देने से मना कर दिया था। इससे भाजपा और अन्य हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच तनाव पैदा हो गया था।
भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एम मुरुगनंदम और रामा श्रीनिवासन को एक मार्च को श्री मोदी के मदुरै दौरे के इंतज़ामों की देखरेख का काम सौंपा गया है। श्री मोदी सात मार्च को श्री लक्ष्मी नारायणी गोल्डन टेम्पल में पूजा-अर्चना करने के बाद राजग की रैली को संबोधित करने के लिए वेल्लोर ज़िले का भी दौरा करेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह दौरा पहले छह मार्च को होना था, लेकिन एक दिन के लिए टाल दिया गया। प्रधानमंत्री 11 मार्च को तिरुचि और तंजावुर में राजग की रैली में शामिल होने के लिए फिर राज्य के दौरे पर आएंगे। हालांकि उनके दौरे को अंतिम पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती योजना के मुताबिक, श्री मोदी त्रिची के श्रीरंगम में श्री रंगनाथ स्वामी मंदिर और तंजावुर में भगवान बृहदेश्वर मंदिर जाएंगे, और दोनों जिलों में राजग की चुनावी रैलियों को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्ना द्रमुक) के नेतृत्ववाले राजग में भाजपा ने चुनावी संबंध बनाए हैं और गठबंधन को और बढ़ाने की इच्छुक है।
अभी राजग में अन्ना द्रमुक , भाजपा , पूर्व केंद्रीय मंत्री जी के वासन की तमिल मनीला कांग्रेस, पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबुमणि रामदास के नेतृत्व वाला पीएमके समूह और आईजेके और एनजेपी जैसी कुछ छोटी पार्टियां हैं। रिपोर्ट्स में कहा गया है कि दिवंगत विजयकांत की डीएमडीके और डॉ. के कृष्णासामी के दलित संगठन पुथिया तमिझगम को फिर से राजग में शामिल करने को लेकर बातचीत चल रही है ताकि मज़बूत सत्ताधारी द्रमुक मोर्चा फ्रंट का मुकाबला किया जा सके।
