
ग्वालियर। घूसखोर पंडित फिल्म के खिलाफ सकल ब्राह्मण समाज ने मोर्चा खोल दिया है। समाज ने कहा कि यदि दो दिन के अंदर उक्त फिल्म को बंद नहीं किया गया तो संपूर्ण ब्राह्मण समाज धरना देगा।
सकल ब्राह्मण महासमिति के संरक्षक जयवीर भारद्वाज ने आज पत्रकार वार्ता में कहा कि यह ब्राह्मण समाज के खिलाफ षड्यंत्र है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह फिल्म दो दिन में बंद नहीं की गई तो संपूर्ण ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा एवं एसपी को ज्ञापन सौंपेगा। घूसखोर पंडित फिल्म का पूरे देश की भांति ग्वालियर में भी विरोध हो रहा है। ब्राह्मण नेताओं ने कहा कि एक और जहां मध्य प्रदेश में सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने इस फिल्म के डायरेक्टर एवं प्रोड्यूसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
