
कटनी। कैलाश मानसरोवर एवं तिब्बत मुक्ति अभियान के तहत भारत-तिब्बत सहयोग मंच के शिष्टमंडल ने 17 फरवरी को भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, कार्यालय मंत्री श्याम महाजन तथा शैलेंद्र बरुआ से शिष्टाचार भेंट कर संगठन की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी साझा की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा प्रेरित भारत-तिब्बत सहयोग मंच, वरिष्ठ प्रचारक डॉ. इंद्रेश कुमार के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री पंकज जी एवं केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य रूपेश जी के निर्देशानुसार कैलाश मानसरोवर और तिब्बत से जुड़े जागरण अभियान चला रहा है। बैठक के दौरान शिष्टमंडल ने कैलाश मानसरोवर एवं तिब्बत की स्वतंत्रता से संबंधित मुद्दों पर अपने प्रयासों और अभियानों की विस्तार से जानकारी दी। भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने कैलाश मानसरोवर धाम एवं तिब्बत से जुड़े विषयों पर समर्थन व्यक्त करते हुए यथासंभव सहयोग का आश्वासन दिया। शिष्टमंडल में भारत-तिब्बत सहयोग मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कटनी के पूर्व विधायक गिरिराज किशोर ‘राजू’ पोद्दार, युवा विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्पित मुदगल, मध्य भारत प्रांत के मंत्री चंद्रशेखर तिवारी ‘राधे महाराज’ तथा अधिवक्ता श्रीकांत पोद्दार उपस्थित रहे।
