भोपाल: वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट भाषण में प्रदेश के वित्त मंत्री ने बजट की सबसे खास बात बताते हुए स्पष्ट किया कि इस बार का संपूर्ण बजट GYANII मॉडल पर आधारित रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल परंपरागत घोषणाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए दीर्घकालिक विकास की दिशा तय करेगा।वित्त मंत्री ने बताया कि GYANII का अर्थ है,गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के साथ-साथ इंडस्ट्रियलाइजेशन और इंफ्रास्ट्रक्चर को जोड़ना। इसी अवधारणा के अनुरूप बजट में योजनाओं और प्रावधानों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि रोजगार सृजन, उत्पादन क्षमता में वृद्धि और प्रदेश का सतत आर्थिक विकास सुनिश्चित हो सके।
बजट की रूपरेखा के अनुसार G यानी गरीब कल्याण के तहत अन्त्योदय की भावना को साकार करने पर जोर रहेगा। Y यानी युवा शक्ति के अंतर्गत कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाएं बढ़ाई जाएंगी। A यानी अन्नदाता के लिए किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के उपाय शामिल होंगे। N यानी नारी शक्ति के माध्यम से महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
वहीं II के तहत इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास और इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा औद्योगिक निवेश को सरल और आकर्षक बनाने की नीति अपनाई जाएगी। इस तरह GYANII मॉडल को प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास की केंद्रीय धुरी के रूप में प्रस्तुत किया गया है।
