भोपाल: श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रोजेक्ट चीता के तहत दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता गामिनी ने तीन शावकों को जन्म दिया है। कूनो में चीतों के आगमन के तीन वर्ष पूर्ण होने के साथ यह नौवां सफल प्रसव दर्ज किया गया है, जिसे वन विभाग और पर्यावरण प्रेमियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इन शावकों के जन्म के साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 38 हो गई है। विशेषज्ञों के अनुसार यह उपलब्धि वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो भारत में चीता पुनर्वास अभियान की सफलता को दर्शाती है।प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस सुखद समाचार की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए इसे मध्यप्रदेश और देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
