
रीवा। यूजीसी बिल के समर्थन में संयुक्त मोर्चा द्वारा सोमवार को प्रदर्शन किया गया था और कलेक्ट्रेट के सामने सडक़ को जाम कर दिया गया था, जिससे जाम में फसे लोग परेशान रहे. प्रदर्शन के दौरान सवर्णो को अपशब्द कहने का आरोप लगाने के साथ सिविल लाइन थाने में सामान्य वर्ग के लोगो ने शिकायत की है.
सोमवार को यूजीसी बिल के समर्थन में हंगामेदार प्रदर्शन चला. इस दौरान शहर का मुख्य मार्ग पूरी तरह से जाम रहा. फिलहाल हंगामेदार प्रदर्शन के बाद मंगलवार को सामान्य वर्ग का तबका शहर के सिविल लाइन थाने में पहुंचा है और यूजीसी बिल के समर्थन में किए गए प्रदर्शन को उपद्रव करना बताया है. थाना पहुंचे सामान्य वर्ग के लोगों ने कहा कि यूजीसी बिल का समर्थन कर रहे प्रदर्शन कारियों द्वारा सवर्ण समाज के लोगों के खिलाफ न सिर्फ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए बल्कि जाति सूचक शब्दों का भी उपयोग किया गया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी वर्ग को अपने अधिकारों को लेकर अपनी बात रखने का लोकतांत्रिक अधिकार है, परंतु दूसरे के अधिकारों का हनन नहीं किया जा सकता और मूल भावनाओं से खिलवाड़ भी नहीं किया जाना चाहिए. आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान एक वर्ग को चिन्हित करके अपशब्द और गरिमा के विपरीत मुर्दाबाद के नारे लगाकर वर्ग संघर्ष और तनाव की स्थिति पैदा कर दो वर्ग में जहर घोला जा रहा है. फिलहाल ऐसा घृणित कार्य करने वाले लोगों के खिलाफ न्यायिक कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. फिलहाल प्रदर्शनकारियो के विरुद्ध सामान्य वर्ग के द्वारा सिविल लाइन थाना पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की गई है.
