भोजपुर में महादेव भक्ति की सुरमयी संध्या, लोकगीत से कथक और सुगम संगीत तक सजा महोत्सव का दूसरा दिन

रायसेन। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भोजपुर स्थित प्राचीन मंदिर परिसर में आयोजित महादेव भोजपुर महोत्सव के दूसरे दिन भक्ति, संस्कृति और कला का अनूठा संगम देखने को मिला। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित इस आयोजन में दिन भर नृत्य, संगीत और लोक परंपराओं की रंगीन छटा बिखरी रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, श्रोता और दर्शक कार्यक्रम में शामिल हुए और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत बघेली लोकगायन से हुई, जिसमें भोपाल की सुश्री शीला त्रिपाठी और उनके साथियों ने शिव भक्ति से ओतप्रोत लोकगीत प्रस्तुत किए। गौरी गणेश मनाऊं से आरंभ हुए गायन में बघेलखंड की पारंपरिक धुनों के साथ भगवान शिव की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया गया। मोरे अंगना मा आए भोलेनाथ और चली भोले की बरतिया जैसे गीतों ने वातावरण को पूरी तरह शिवमय बना दिया। श्रोताओं ने ताली और उत्साह के साथ कलाकारों का स्वागत किया।

इसके बाद कथक शैली में प्रस्तुत शिव केंद्रित नृत्यनाटिका ने दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। सुश्री आकृति जैन और उनकी आठ सदस्यीय टीम ने अर्धनारीश्वर, सती प्रसंग, दक्ष यज्ञ, शिव विवाह और शिव तांडव स्तोत्र जैसे प्रसंगों को भावपूर्ण नृत्य के माध्यम से जीवंत किया। रूपक ताल और अद्वैत वेदांत की झलक ने प्रस्तुति को विशेष आयाम दिया।

महोत्सव की अंतिम प्रस्तुति प्रसिद्ध गायिका महालक्ष्मी अय्यर और उनके दल द्वारा दी गई, जिसमें सुगम संगीत और शिव स्तुतियों की मधुर धुनों ने पूरे परिसर को भक्तिरस में डुबो दिया। शिव कैलाशों के वासी, नमो नमो शंकरा और बम लहरी जैसी रचनाओं ने देर शाम तक श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध बनाए रखा।

दूसरे दिन का यह सांस्कृतिक आयोजन भक्ति, लोकसंस्कृति और शास्त्रीय कला का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा, जिसने भोजपुर की ऐतिहासिक धरोहर को संगीत और नृत्य के माध्यम से नई ऊर्जा प्रदान की।

Next Post

स्कूली बच्चों की समस्याओं को दूर करेगी पुलिस की हौसला पेटी

Tue Feb 17 , 2026
दमोह। पुलिस के द्वारा शहर के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में हौसला पेटी लगवाई जा रही है. ताकि स्कूली बच्चों को कोई भी समस्या है तो वह अपनी शिकायत इस पेटी में लिखकर डाल सकते हैं. मंगलवार दोपहर एसपी कार्यालय में इन सभी पेटियों को रखा गया और एसपी […]

You May Like