
गुना। गुना जिले के बमोरी थाना क्षेत्र से नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पिता को 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय नाबालिग को उसका पिता 15 जनवरी को किसी कार्य के बहाने अपने साथ ले गया था। आरोप है कि रास्ते में एक सुनसान स्थान पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी पीड़िता को एक रिश्तेदार के यहां छोड़कर फरार हो गया।
पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कैंट थाना पुलिस ने शून्य पर ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कर मामले को बमोरी थाने को स्थानांतरित किया।
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा POCSO एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पीड़िता को आवश्यक चिकित्सकीय और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
