
दमोह। पुलिस के द्वारा शहर के सभी शासकीय और निजी स्कूलों में हौसला पेटी लगवाई जा रही है. ताकि स्कूली बच्चों को कोई भी समस्या है तो वह अपनी शिकायत इस पेटी में लिखकर डाल सकते हैं. मंगलवार दोपहर एसपी कार्यालय में इन सभी पेटियों को रखा गया और एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी, एएसपी सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एचआर पांडे और टीआई कोतवाली मनीष कुमार की मौजूदगी में अब स्कूलों में इन पेटियों को लगाने के लिए भेजा जा रहा है. एसपी सोमवंशी ने बताया कि पहले चरण में 30 पेटियां लगाने का लक्ष्य हमने तैयार किया है. जिसमें 20 पेटियां तैयार हो गई है,उसके अनुभव के आधार पर और सुधार करके अन्य सब डिवीजन में भी यह पेटियां लगवाई जाएगी. एक महीने इसकी मॉनिटरिंग होगी. हम देखें की कितनी शिकायत है हमें प्राप्त हो रही है और कितने बच्चे हमसे बात करना चाह रहे हैं. उन्होंने बताया पिछले कुछ समय से कुछ स्कूलों में बच्चों के साथ कुछ घटनाक्रम सामने आए थे.साथ ही उनकी शिकायतें भी प्राप्त हो रही थी. जिसमें हमने यह समझा कि कक्षा 9 से 12 तक के बच्चों में कम्युनिकेशन गैप है. चाहे वह माता-पिता को लेकर हो या स्कूल को लेकर हो. इसलिए एक नया नवाचार करते हुए हमने हौसला पेटी के नाम से नई पहल की है. ताकि बच्चों के बीच इस कम्युनिकेशन को कम किया जा सके.दमोह सीएसपी एचआर पांडे और कोतवाली टीआई मनीष कुमार के द्वारा इस पहल को शुरू करने की बात की गई. एसपी ने बताया कि हमारा प्रयास है कि बच्चे अपनी शिकायत इस पेटी में लिखकर डालें. किसी बच्चे की मन में कोई बात है वह हमसे बात करना चाह रहा है अपने जीवन की किसी परेशानी को बताना चाह रहा है तो वह लिखकर जरूर बताए. उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उसकी समस्या का समाधान किया जाएगा. शहर के सभी शासकीय और निजी स्कूल जो कक्षा 9 से 12 तक संचालित होते हैं यहां इन हौसला पेटियों को लगवाने का काम शुरू किया गया है. इसके पहले दो हौसला पेटी निजी स्कूलों में लगाई जा चुकी है.
