
भोपाल। कलेक्टर कार्यालय में सोमवार को जिला सुरक्षा समिति की बैठक की गई. जिसमें लोक निर्माण विभाग व मप्र सडक़ विकास प्राधिकरण के अधिकारी शामिल हुए. दोनों विभागों के अधिकारियों ने ब्लैक स्पॉट की जानकारी जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी व एडीएम अंकुर मेश्राम को दी. बैठक में अधिकारियों ने कहा कि शहर में कुल 16 ब्लैक स्पॉट हैं. जिनमें एमपी नगर बोर्ड आफिस के पास एक शॉपिंग मॉल के सामने और समरधा का ब्लैक स्पॉट जरूरी निर्माण कार्य उपरांत खत्म हो गए हैं. शेष 14 पर सुरक्षा के उपाय किए गए हैं. इनमें से 3 ब्लैक स्पॉट को खत्म करने निविदा का कार्य पूर्ण हो चुका है, जो आगामी तीन महीनों पूर्ण हो जाएगा. इन स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनात है, वहीं 37 लेफ्ट टर्न पर काम चल रहा है.
ग्रामीण क्षेत्रों की सडक़ों पर ब्लैक स्पॉट की पहचान करें
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों की सडक़ों पर ब्लैक स्पॉटों की पहचान करें, लेफ्ट टर्न भी देखें. इन सभी स्थानों का निरीक्षण कर रिपोर्ट दें. इसके अलावा जो ब्लैक स्पॉट हैं, उन पर समय-समय पर अधिकारी जाकर देंखें। यातायात पुलिस विशेष रूप से ध्यान दे. बैठक में आसाराम तिराहे से आनंद नगर तक होने वाली सडक़ चौड़ीकरण के निर्माण के चले यातायात डायवर्ट का प्लान तैयार करें. बैठक में एसपी देहात रामसहाय प्रजापति, मप्र सडक़ विकास प्राधिकरण के एजीएम आरएस कीर, राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग व यातायात पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे.
