अमेरिका-ईरान समझौता नहीं हुआ तो ईरान के मिसाइल कार्यक्रम पर इज़रायली हमलों का समर्थन करेंगे ट्रंप : रिपोर्ट

अमेरिका-ईरान समझौता नहीं हुआ तो ईरान के मिसाइल कार्यक्रम पर इज़रायली हमलों का समर्थन करेंगे ट्रंप : रिपोर्ट

वॉशिंगटन, 16 फरवरी (वार्ता/शिन्हुआ) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से वादा किया है कि अगर अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत असफल होती है, तो वह ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम पर इज़रायली हमलों का समर्थन करेंगे। अमेरिकी समाचार पोर्टल सीबीएस न्यूज ने यह दावा किया है। सीबीएस न्यूज़ की ओर से रविवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, श्री ट्रंप ने यह बात दिसंबर में फ्लोरिडा के मार-ए-लागो में श्री नेतन्याहू से मुलाकात के दौरान कही, जिसमें इस मामले से जुड़े दो स्रोतों का ज़िक्र है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी सैन्य और खुफिया अधिकारियों ने इस बात पर भी चर्चा की है कि अमेरिका ईरान की मिसाइल अवसंरचना के खिलाफ संभावित अभियान में इज़रायल की मदद कैसे कर सकता है। इसमें इज़रायली लड़ाकू विमानों के लिए हवा में ईंधन भरने देना और संबंधित क्षेत्रीय देशों से उनके एयरस्पेस में दाखिल होने की इजाज़त मांगना शामिल है। जॉर्डन, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने सार्वजनिक तौर पर कहा है कि वे ईरान के खिलाफ किसी भी हमले के लिए अपने एयरस्पेस का इस्तेमाल करने की इजाज़त नहीं देंगे, न ही ईरान को दूसरे देशों पर हमले करने देंगे।इस बीच, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को कहा कि वह ईरान के साथ तनाव को कूटनीतिक तरीकों से सुलझाना पसंद करेंगे। अमेरिका-ईरान परमाणु बातचीत का दूसरा दौर मंगलवार को जिनेवा में होने की उम्मीद है। श्री रुबियो ने कहा कि अमेरिका के दूत स्टीव विटकॉफ और श्री ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर बातचीत में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Next Post

कुर्स्क क्षेत्र में रूस के के लिए यूक्रेन के खिलाफ लड़ने वाले कोरियाई सैनिकों के लिए प्योंगयांग में 'सैप्प्योल स्ट्रीट' का उद्घाटन

Mon Feb 16 , 2026
प्योंगयांग, 16 फरवरी (वार्ता/ स्पूतनिक) उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने सप्ताहांत में प्योंगयांग में एक समारोह में भाग लेकर ‘सैप्प्योल स्ट्रीट’ का उद्घाटन किया, जो रूस के कुर्स्क क्षेत्र को ‘मुक्त कराने’ में मदद करने वाले उत्तर कोरियाई सैनिकों के सम्मान में बनायी गयी है। सरकारी […]

You May Like