ग्वालियर: सीमा सुरक्षा बल अकादमी में सहायक कमाण्डेन्ट की दीक्षांत परेड का आयोजन किया गया। इस परेड में कुल 71 प्रशिक्षु अधिकारियों ने मुख्य अतिथि महानिदेशक बीएसएफ प्रवीण कुमार को सलामी दी। अकादमी के निदेशक आनंद प्रताप सिंह, ब्रजेश कुमार संयुक्त निदेशक एवं मुख्य अनुदेशक, अधिकारी प्रशिक्षण केन्द्र के कमाण्डर राजेश कुमार महानिरीक्षक वरिष्ठ प्रशिक्षक तथा अधिकारी प्रशिक्षण केन्द्र की प्रशिक्षण टीम के मार्गदर्शन में इन अधिकारियों ने कठिन प्रशिक्षण प्राप्त करके अपने आपको देश की सीमाओं की देखभाल के लिए सक्षम बनाया। मानसिक सजगता, शारीरिक योग्यता तथा बुद्धि की तीक्ष्णता के आधार पर अखिल भारतीय खुली स्पर्धा के माध्यम से चुने गए इन युवा अधिकारियों में 58 स्नातक तथा 13 स्नात्कोत्तर की शैक्षणिक योग्यता रखते हैं। पास आऊट होने वाले अधिकारी देश के अलग-अलग राज्यों से संबंध रखते हैं।
इन प्रशिक्षु अधिकारियों को 52 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण की भट्टी में फौलाद की तरह कौशल, तपाकर सीमा सुरक्षा बल की कुशल प्रशिक्षण टीम ने इन्हें शारीरिक प्रशिक्षण, ड्रिल युद्ध निशानेबाजी, बिना हथियार लड़ने की कला, विधि व कानून मानवाधिकार अधिनियम पुलिस की रोजमर्रा की कार्यवाही आपदा प्रबंधन, मैप रीडिंग सीमा की निगरानी आतंकवाद व उग्रवादियों से लड़ने जैसे विषयों के साथ वाहन चलाना कम्प्युटर प्रशिक्षण तैराकी घुड़सवारी और एडवेन्चर ट्रेनिंग का भी गहन प्रशिक्षण दिया गया है। ट्रेनिंग के दौरान इनके व्यक्तित्व को संवारने चरित्र निर्माण तथा नेतृत्व क्षमता को विकसित करने पर विशेष कार्यक्रम चलाये गये हैं।इस अवसर पर मुख्य अतिथि महानिदेशक प्रवीण कुमार ने परेड का निरीक्षण कर प्रशिक्षु अधिकारियों को ट्राफियां वितरित की जिसमें ऑल राउण्ड सर्वोत्तम की ट्राफी सुनील कुमार को दी गयी।मुख्य अतिथि ने अपने सम्बोधन में युवा अधिकारियों की परेड एवं टर्न आउट जोश व प्रर्दशन की बहुत सराहना की। मुख्य अतिथि ने अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एंव उनकी प्रशिक्षण टीम को बधाई दी।
