सीधी: ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सीधी कार्यालय में पूर्व में हुई अग्निकांड घटना से संबंधित जांच प्रक्रिया जारी है। मुख्य अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा परिक्षेत्र जबलपुर के निर्देश पर अधीक्षण यंत्री रीवा मंडल द्वारा जांच दल का गठन किया गया, जिसके तहत निर्धारित तिथि पर कार्यालय पहुंचकर शिकायतकर्ता की उपस्थिति में जांच कार्यवाही की गई। जांच के दौरान शिकायतकर्ता से उपलब्ध तथ्य एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, जिसके क्रम में आवेदन के साथ वीडियो, दस्तावेजों की प्रतियां तथा अन्य अभिलेख संबंधित कार्यालय को सौंपे गए हैं।
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में यह भी अनुरोध किया है कि पूर्व में की गई प्रारंभिक जांच, संबंधित पत्राचार तथा अधिकारियों के कथनों को भी जांच प्रतिवेदन में शामिल किया जाए, जिससे समग्र तथ्य सामने आ सकें। इसके अतिरिक्त अभिलेख विनष्टीकरण नियमों के तहत दस्तावेजों की सूची, निविदा प्रक्रिया से जुड़े अभिलेखों तथा अमानत राशि से संबंधित दस्तावेजों के मिलान की मांग भी की गई है।
अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान प्राप्त आवेदन और दस्तावेजों के आधार पर संबंधित अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है और उपलब्ध जानकारी को जांच प्रतिवेदन में सम्मिलित किया जाएगा। वहीं कार्यपालन यंत्री कार्यालय द्वारा भी आवश्यक पत्राचार कर अभिलेखों की जानकारी एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इनका कहना है
जांच के दौरान ही कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सीधी को निर्देशित किया गया था कि शिकातकर्ता के आवेदन के आधार पर संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया जाये। जिसे जांच प्रतिवेदन में शामिल किया जायेगा।
अनिल निगम, अधीक्षण यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा रीवा मंडल रीवाअधीक्षण यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा रीवा मंडल रीवा के द्वारा जांच के दौरान दिये गये निर्देश अनुसार शिकायत से संबंधित दस्तावेज एफडीआर की उपलब्ध के मिलान हेतु संभागीय लेखा अधिकारी सीधी को पत्र लिखकर जानकारी समिति को प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
सी.एल.साकेत, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग सीधी
