
ग्वालियर। मोहना में आज आयोजित कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आदिवासियों की जमीन को जिन भाजपाइयों और भू-माफियाओं ने प्रशासन के साथ मिलकर हड़पा है, उसे 2028 में कांग्रेस की सरकार बनने पर वापस कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और ब्लॉक अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने और स्थानीय चुनावों में जीत का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सबका हिसाब चुकता किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति कर रही है, जबकि कांग्रेस विश्वकल्याण और प्राचीन भारतीय विचारधारा के साथ आगे बढ़ना चाहती है।
उन्होंने ग्वालियर चंबल अंचल में कथित भ्रष्टाचार को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यहां नदियों से रेत का अवैध उत्खनन चरम पर है और भाजपा से जुड़े लोग इससे लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।
*मंत्रियों के इस्तीफे की मांग*
प्रदेश अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों राजेंद्र शुक्ला, विजय शाह और कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने प्रधानमंत्री और अमेरिका के साथ कथित ट्रेड डील को लेकर भी किसानों के साथ धोखे का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस किसानों के हित में आंदोलन करेगी।
*इन नेताओं ने भी किया संबोधित*
जनाक्रोश सभा को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी, पूर्व मंत्रीगण जयवर्धन सिंह, पीसी शर्मा लाखन सिंह यादव, ग्रामीण जिला कांग्रेस के अध्यक्ष प्रभूदयाल जौहरे, विधायक साहबसिंह गुर्जर, कैलाश कुशवाहा एवं सुरेश राजे ने भी संबोधित किया।
