
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विश्वास” के तहत साइबर सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने पिछले एक माह में 110 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। बरामद फोन रेशमी, मोटोरोला, सैमसंग, वनप्लस, वीवो, ओप्पो और रियलम जैसी कंपनियों के हैं।
पुलिस टीम ने इन मोबाइलों को केवल जिले से ही नहीं, बल्कि आंध्रप्रदेश, दिल्ली, महोबा, झांसी (उ.प्र.), सागर, पन्ना और निवाड़ी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से ट्रैक कर बरामद किया। ये मोबाइल छात्रों, किसानों, मजदूरों और गृहिणियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के थे। जनवरी माह में 110 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वितरित किए गए।
थाना नौगांव क्षेत्र में दर्ज एक चोरी के मामले में आरोपी लक्ष्मी पाल उर्फ नाना निवासी अलीपुरा से मोबाइल बरामद कर विधिवत कार्रवाई की गई। वर्ष 2026 में अब तक कुल 211 मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये है, उनके धारकों को लौटाए जा चुके हैं। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक नेहा सिंह गुर्जर सहित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
