पन्ना: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में धार्मिक, ऐतिहासिक व पुरातात्विक महत्व के अनेकों स्थल हैं।यहाँ स्थित प्राचीन चौमुखनाथ शिव मंदिर कई मायने में अनोखा और विलक्षण है। प्राचीनता के नजरिए से देखें तो यह मंदिर खजुराहो के मंदिरों से भी अधिक प्राचीन है। जिला मुख्यालय पन्ना से लगभग 50 किमी. दूर सलेहा के निकट स्थित चौमुखनाथ मंदिर छठी शताब्दी का बताया जाता है।
इस अनूठे मंदिर में स्थापित शिव प्रतिमा रहस्यों से परिपूर्ण और विलक्षण है। एक ही पत्थर पर निर्मित इस अदभुत प्रतिमा के चार चेहरे हैं। बायां चेहरा विषग्रहण को चित्रित करता है जबकि दायां चेहरा शांत भाव को प्रदर्शित करता है। सामने वाले चेहरे पर दूल्हे की छवि दिखती है और चौथे चेहरे पर अर्धनारीश्वर की छवि प्रकट होती है। यह शिवलिंग आज से कोई 1500 वर्ष से ज़्यादा पुराना है। इस मंदिर के गर्भगृह में प्रतिष्ठित शिव प्रतिमा अद्भुत, अकल्पनीय वास्तुकला और संस्कृति का अप्रतिम उदाहरण है। एक ही मूर्ति में दूल्हा, अर्धनारीश्वर और विष पान करते व समाधि में लीन शिव के दर्शन होते हैं।
वैसे तो अपनी-अपनी जगह सभी शिव मंदिरों का महत्व है लेकिन सलेहा क्षेत्र के नचने का चौमुख नाथ महादेव मंदिर कई द्रष्टि से अनूठा है, जिसका अनुभव यहाँ पहुंचकर ही किया जा सकता है। यहां हर समय स्थानीय श्रद्धालु आते हैं, लेकिन शिवरात्रि पर्व व सावन के महीने में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। इसी मंदिर परिसर में पार्वती मंदिर है जो दुनिया के सबसे प्राचीनतम मंदिरों में से है। यह मंदिर गुप्त कालीन माना जाता है, यह केंद्र संरक्षित स्मारक है।
