बिजावर में केन–बेतवा परियोजना को लेकर बढ़ा तनाव, गिरफ्तारी के बाद आंदोलन

छतरपुर। जिले के बिजावर क्षेत्र में केन–बेतवा लिंक परियोजना को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन अब तीखा रूप लेता जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों और आदिवासी किसानों का आंदोलन और तेज हो गया। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष तहसील परिसर के बाहर एकत्रित होकर धरने पर बैठ गए और परियोजना से प्रभावित जमीनों के लिए उचित मुआवजा व पुनर्वास की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान बिजावर मातगुवां मार्ग पर चक्का जाम कर दिया गया, जिससे यातायात लंबे समय तक प्रभावित रहा। देर रात रास्ता बंद होने के कारण एक बारात और प्रदर्शनकारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी, जिसे पुलिस ने हस्तक्षेप कर नियंत्रित किया। प्रशासन का कहना है कि भीड़ को हटाने के दौरान कुछ लोगों द्वारा पथराव किया गया, जिसके बाद स्थिति संभालने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। घटना के बाद लगभग 40 ग्रामीणों के खिलाफ सड़क जाम और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि परियोजना से उनकी जमीन और मकान प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन मुआवजा प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं है। वहीं प्रशासन का कहना है कि पात्र लोगों को नियमानुसार लाभ दिया जा रहा है और किसी पात्र व्यक्ति के छूटने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन आंदोलन जारी रहने की संभावना बनी हुई है।

 

 

Next Post

फिर जाम से हांफती रही शहर की लाइफ-लाइन

Fri Feb 13 , 2026
सतना : बुधवार की शाम ओवर ब्रिज से लेकर रीवा रोड पर लगे जबरदस्त जाम की प्रताडऩा अभी मंद भी नहीं पडऩे पाई थी कि गुरुवार की दोपहर एक बार फिर यह मार्ग जाम के झाम में फंस कर रह गया. बुधवार को जहां भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत-सत्कार […]

You May Like

Play sound