
देवसर। जिले के देवसर क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की जा रही है। चाकर-जरहा मार्ग पर म्यार नदी तथा बहरी-उरदहाव मार्ग पर जलमग्नीय पुल और पहुंच मार्ग निर्माण कार्य से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
इन महत्वपूर्ण विकास कार्यों के कार्यक्रम में देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क और पुल सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे आवागमन सुगम होगा और विकास को नई गति मिलेगी। लोक निर्माण विभाग सेतु निर्माण संभाग रीवा द्वारा चाकर-जरहा मार्ग पर म्यार नदी पर 150 मीटर लंबा जलमग्नीय पुल और दोनों ओर कुल 1880 मीटर पहुंच मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना की स्वीकृति म.प्र. शासन द्वारा प्रदान की गई है और निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। इसी प्रकार बहरी-उरदहाव मार्ग पर 225 मीटर लंबा पुल एवं दोनों ओर 1620 मीटर पहुंच मार्ग का निर्माण भी स्वीकृत किया गया है।
पुलों के निर्माण से आधा दर्जन गांवों को आने-जाने में होगी सुविधा
इन पुलों के निर्माण से चाकर, जरहा, बहरी, उरदहाव, डेरकी, बैरहवाटोला, उचेहरा सहित कई गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय, तहसील, अस्पताल, स्कूल और बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी। बरसात के दौरान नदी में जलभराव से आवागमन बाधित होने की समस्या से भी ग्रामीणों को राहत मिलेगी। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्य अतिथि विधायक राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने भी पुल निर्माण कार्य को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
