भारतीय नौसेना ने पहली बार बहुराष्ट्रीय संयुक्त टास्क फोर्स की कमान संभाली

भारतीय नौसेना ने पहली बार बहुराष्ट्रीय संयुक्त टास्क फोर्स की कमान संभाली

नयी दिल्ली 12 फरवरी (वार्ता) भारतीय नौसेना ने बहुराष्ट्रीय संयुक्त समुद्री बल (सीएमएफ) के अंतर्गत बहुराष्ट्रीय संयुक्त टास्क फोर्स (सीटीएफ) 154 की कमान संभाल ली है। नौसेना ने गुरुवार को बताया कि बहरीन के मनामा स्थित सीएमएफ के मुख्यालय में एक समारोह में भारतीय नौसेना ने बुधवार को टास्क फोर्स की कमान संभाली। समारोह की अध्यक्षता अमेरिकी नौसेना के वाइस एडमिरल कर्ट ए. रेनशॉ ने की। इस अवसर पर भारतीय नौसेना के डिप्टी चीफ ऑफ नेवल स्टाफ वाइस एडमिरल तरुण सोबती तथा अन्य सदस्य देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी उपस्थित थे। भारतीय नौसेना के कमोडोर मिलिंद एम. मोकाशी, शौर्य चक्र ने इतालवी नौसेना के निवर्तमान कमांडर से सीटीएफ 154 की कमान औपचारिक रूप से संभाली। सीटीएफ 154 विशेष रूप से सीएमएफ के सदस्य देशों के प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर केंद्रित है। यह क्षेत्र में भारत की पेशेवर विशेषज्ञता, संचालन अनुभव और 47 सदस्य देशों के बीच एक पसंदीदा सुरक्षा साझेदार के रूप में उसकी भूमिका पर बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

सीटीएफ 154 की स्थापना मई 2023 में की गयी थी और इसका उद्देश्य पश्चिम एशिया और आगे के क्षेत्र में बहुराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से समुद्री सुरक्षा को सुदृढ़ करना है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पांच मुख्य स्तंभों समुद्री क्षेत्र जागरूकता, समुद्री कानून , समुद्री अवरोधन अभियान, समुद्री बचाव और सहायता, तथा नेतृत्व विकास पर आधारित है। यह टास्क फोर्स नियमित समुद्री सुरक्षा उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम, कम्पास रोज और नॉर्दर्न/सदर्न रेडीनेस जैसे अभ्यास, तथा साझेदार देशों की परिचालन क्षमताओं को सुदृढ़ करने के लिए संपर्क कार्यक्रम आयोजित करती है, जिससे अवैध तस्करी, समुद्री डकैती और अनियमित प्रवासन जैसे साझा खतरों का मुकाबला किया जा सके। सीटीएफ 154 का संचालन सीएमएफ की अन्य टास्क फोर्स—सीटीएफ 150 (समुद्री सुरक्षा), सीटीएफ 151 (समुद्री डकैती निरोध), सीटीएफ 152 (अरब खाड़ी में समुद्री सुरक्षा) और सीटीएफ 153 (लाल सागर में समुद्री सुरक्षा)—के साथ किया जाता है।
भारतीय नौसेना ने एक सफल कार्यकाल की उम्मीद जतायी है जिसके माध्यम से उच्च प्रभाव वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों को लागू करते हुए शांति, समृद्धि और सुरक्षा के लिए वैश्विक समुद्री साझेदारियों को सुदृढ़ किया जाएगा।

Next Post

दिल्ली के रोहिणी में 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

Thu Feb 12 , 2026
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने रोहिणी में खुद को हिमांशु भाऊ गिरोह का सदस्य बताकर लगभग 10 करोड़ रुपये की संपत्ति की उगाही करने के आरोप में 32 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि आरोपी […]

You May Like