जबलपुर: मझौली थाना अंतर्गत सिहोरा रोड पीपल देवरी में 16 लाख 50 हजार रूपए के चना से लदा ट्रक लूटने और ड्राइवर के अपहरण के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े एक आरोपी ने पूछताछ में अहम राज उगले है। जबकि अन्य की तलाश जारी है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपित इंदौर निवासी है। गैंग व्हीकल इन्फो एप के जरिए अहम जानकारी जुटाती थी इसके बाद बुजुर्ग या फिर अकेले ड्राइवर को टारगेट करती थी। इसके बाद रैकी करते हुए लूटपाट की वारदातों को अंजाम देती थी। पूछताछ और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में नए राज खुल सकते है।
पुलिस के मुताबिक संतोष सेन निवासी वार्ड नं. पांच लोको थाना कोतवाली जिला दमोह का ड्राईवरी का काम करता है। सोमवार रात्रि करीब 9 बजे गायत्री ट्रेडर्स दमोह से ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 5647 से 550 बोरी चना कीमती करीबन 16 लाख 50 हजार रुपया का भरकर दमोह से कटनी लेकर जा रहा था। सोमवार एवं मंगलवार की दरमियानी रात्रि 1:30 बजे जब वे सिहोरा रोड पीपल देवरी के आगे पहुंचा तो एक बिना नंबर की कार से कुछ व्यक्ति उसके ट्रक का पीछे करते हुए आये और ट्रक को रोकने के बाद कार से 4 व्यक्ति उतरे थे। इसके बाद उस पर नशीला स्प्रे छिडक़र उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। इसके चलते वे बेहोश हो गया था। इसके बाद अरोपी चना से लदा ट्रक लेकर भाग गए ड्राइवर संतोष सेन को रास्ते में आश्रम के पास फेंक दिया था। मंगलवार सुबह संतोष को होश आया था। जब तक चना लदा ट्रक, नगद दस हजार, एक मोबाइल लुट चुका था। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।
घेराबंदी देख कूदकर भाग गया था धर्मेन्द्र
अपहरण, लूट की वारदात के बाद पुलिस अलर्ट हुई। मझौली के साथ आसपास की पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद शहपुरा पुलिस ने ट्रक को पकडऩे घेराबंदी कर दी थी। गोटेगांव रोड पर पुलिस की घेराबंदी देखकर 11 लाख रूपए के ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 5647 समेत चना लोड लेकर जा रहे धर्मेन्द्र कूदकर भाग गया था। जबकि ट्रक में मौजूद उसके साथी सागर गोयल को दबोचा गया। जबकि सुमित और उसके साथी कार से फरार हो गए थे।
आज कोर्ट में पेश कर होगी रिमांड की डिमांड
टीआई नेहरू खंडाते ने बताया कि सागर गोयल ने पूछताछ में बताया कि व्हीकल इन्फो एप से जानकारी हासिल करने के साथ वे साथियों के साथ अकेला ड्राइवर या वृद्ध चालक को ही टारगेट करते थे। फरार धर्मेन्द्र और सुमित की तलाश जारी है। आज सागर को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ की जायेगी।
लूटे गए ट्रक-माल को बेचने की थी योजना
इंदौर की गैंग ने लूटे गए ट्रक और माल को बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है साथ ही यह भी पता लगाने में जुटी है कि अब उन्होंने कितनी वारदातें की है।
