सिंगरौली: जिले के जियावान थाना क्षेत्र अंतर्गत अतरवा ग्राम पंचायत के लोहरा गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। यहां 21 वर्षीय युवक ने अंधविश्वास और जादू-टोना के शक में दो लोगों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला नरबलि से जोड़ा जा रहा है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना आज गुरुवार के तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच की है। आरोपी छत्रपति सिंह (21 वर्ष) ने पड़ोस में रहने वाली फुलकुमारी सिंह (50 वर्ष), पति गोरेलाल सिंह और केमला सिंह (65 वर्ष), पिता बल्देव सिंह पर अचानक हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की नृशंसता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शवों के सिर धड़ से अलग पाए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी की पत्नी का हाल ही में अबॉर्शन हो गया था। इसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था और उसे शक था कि किसी ने जादू-टोना कर उसकी पत्नी को नुकसान पहुंचाया है। इसी अंधविश्वास में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला। घटनास्थल से पूजा-पाठ से जुड़ा सामान और आसन भी बरामद हुआ है, जिससे जादू-टोना के एंगल की आशंका और गहरा गई है।
घटना के दौरान शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे सुमित्रा सिंह और रामभजन सिंह पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। गांव में घटना के बाद भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
