इंदौर: शहर की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने के उद्देश्य से महापौर ने आज से जनता चौपाल लगाना शुरू किया. चौपाल की शुरुआत निगम के वार्ड 74 में अहिल्या उद्यान एवं पिपलिया पाला गांव से की. महापौर पुष्यमित्र भार्गव और क्षेत्रीय विधायक मधु वर्मा ने स्कूटर के माध्यमसे पूरे वार्ड का दौरा किया, मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए.महापौर ने शहर की जनसमस्याओं के लिए जनता चौपाल शुरू की. इसके तहत महापौर ने स्कूटर से वार्ड 74 की विष्णुपुरी, भोलाराम उस्ताद मार्ग, रिंग रोड, इंद्रपुरी, जीत नगर, प्रतिक्षा नगर, एकता नगर, मधुर विहार, पिपलिया पाला पिपलिया राव क्षेत्र का दौरा किया.
इस दौरान महापौर भार्गव ने पिपलिया पाला क्षेत्र में नवनिर्मित संजीवनी क्लीनिक का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने कहा कि संजीवनी क्लिनिक पर जरूरतमंदों का निःशुल्क उपचार किया जाएगा. क्षेत्रीय नागरिकों से क्लीनिक का लाभ लेने का आग्रह किया. महापौर भार्गव ने कहा कि जनता चौपाल में नागरिकों से समस्या एवं सुझाव से संबंधित आवेदन प्राप्त किया जा रहे हैं, जिसकी मॉनिटरिंग मेरे द्वारा करके समस्या का समाधान किया जाएगा. इसके साथ ही महापौर द्वारा नागरिकों से अपने घर पर विद्युत व्यय कम करने एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सोलर लगाने और भूजल संरक्षण हेतु वाटर रिचार्जिंग करने की अपील की गई.
समस्या के निराकरण का प्रयास
विधायक मधु वर्मा ने कहा कि महापौर द्वारा जनता चौपाल का आयोजन हर वार्ड में किया जा रहा है, जिसमें नागरिकों की समस्या को सुनकर समस्या का निराकरण तुरंत किया जा रहा है. रहवासी क्षेत्र के साथ ही व्यावसायिक क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण का प्रयास कर रहे हैं. इस अवसर पर एमआईसी अभिषेक शर्मा बबलू,पार्षद सुनीता हार्डिया , भारत पारख, अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी तन्मय सिंह, स्वास्थ अधिकारी अवध नारायण सिंह बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी उपस्थित थे।
नागरिकों ने महापौर को बताई निम्न समस्याएं
वार्ड के नागरिकों ने महापौर को अतिक्रमण, हॉस्टलों की गंदगी, महिलाओं ने विष्णुपुरी में नई ड्रेनेज लाइन की मांग, खेल मैदान, आवारा कुत्तों और क्षेत्र के गार्डन को विकसित करने सहित कई समस्याओ का सामंधन लगने के बात कही. महिलाओं व लड़कियों की सुरक्षा के लिए विशेष समिति और अंधेरे वाले हिस्सों में अतिरिक्त लाइट और खंभे लगाने की मांग की.
महापौर ने लिया तत्काल एक्शन
महापौर भार्गव ने सभी शिकायतों और सुझावों को लेकर मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए. महापौर ने बताया कि संकल्प से समाधान जनता चौपाल अब सप्ताह में दो दिन आयोजित होगी. इस दौरान वे सीधे जनता के बीच जाकर मौके पर ही समस्याओं का समाधान करेंगे
