
इंदौर. मेट्रो रेल प्रोजेक्ट की एरोड्रम साइट पर मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां जेसीबी चालक ने इंजीनियर पर मशीन चढ़ाकर उसकी जान लेने की कोशिश की. अचानक हुए इस जानलेवा हमले में इंजीनियर ने सतर्कता दिखाते हुए पीछे हटकर खुद को बचाया. घटना का वीडियो बुधवार को सामने आने के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई.
साइट पर काम को लेकर इंजीनियर और जेसीबी चालक के बीच पहले तीखी बहस हुई. गुस्से में बेकाबू चालक ने जेसीबी आगे बढ़ाई और उसका पंजा सीधे इंजीनियर की ओर घुमा दिया. जान बचाने के लिए इंजीनियर जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन आरोपी ने पंजा नीचे गिराकर उसे कुचलने का प्रयास किया. वीडियो में साफ नजर आता है कि इंजीनियर किसी तरह जेसीबी के नीचे से निकलकर पीछे हटता है और भागता है. इसके बावजूद चालक ने दोबारा मशीन उसकी ओर दौड़ा दी. मौके पर मौजूद मजदूरों के शोर मचाने पर जाकर जेसीबी रोकी गई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई. घटना सामने आते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में इसे हत्या के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है. आरोपी चालक की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है.
