भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से कहा कि भारतीय राजनीति की जड़ें देश की संस्कृति, समाज और गरीब कल्याण से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का विचार आज भी देश के विकास का मार्गदर्शन कर रहा है।
सीएम यादव ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में कार्यकर्ताओं के बल पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई जा रही हैं और यही पंडित दीनदयाल के विचारों का मूल भाव है।
मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को दूरदर्शी चिंतक, संगठनकर्ता, राष्ट्रभक्त, सादगी और सेवा की प्रतिमूर्ति बताते हुए कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने अंत्योदय की भावना को शासन और समाज दोनों के लिए प्रेरक बताते हुए कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
