रीवा:रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने संभागीय टीएल बैठक में सीएम हेल्पलाइन, एक पेड़ माँ के नाम, ई आफिस, लंबित विधानसभा के प्रश्नों, संभागीय समीक्षा बैठक के लंबित एटीआर बिन्दुओं की विस्तार से समीक्षा की.कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में श्री जामोद ने निर्देश दिए कि पेंशन प्रकरण लंबित रहने वाले संबंधित विभागीय आहरण संवितरण अधिकारियों का वेतन रोका जाए तथा दो-दो वेतनवृद्धि रोकने का भी नोटिस जारी किया जाए.
उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों के बड़ी संख्या में पेंशन प्रकरण लंबित हैं. संबंधित अधिकारियों का दायित्व है कि संवेदनशीलता के साथ पेंशन प्रकरणों का सेवानिवृत्त होने के साथ ही निराकरण करा दिया जाए. जिन विभागों के पेंशन प्रकरण प्रस्तुत नहीं किए गए या लंबित हैं उनके संभागीय अधिकारियों का वेतन तभी आहरित होगा जब पेंशन प्रकरण पूर्णत: निराकृत हो जाएंगे.
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि विभागीय अधिकारी माइक्रो प्लानिंग कर एक-एक आवेदन पत्र पर ठोस निराकरण करें. प्राप्त शिकायतों को मैदानी अमले से सेक्टरवार समाधानपूर्वक निराकरण कराएं. उन्होंने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के पूर्व के लंबित प्रकरणों का अभियान चलाकर निराकरण करें. उन्होंने ई आफिस में फाइलों के प्रचलन में वृद्धि के निर्देश दिए तथा कहा कि प्रति सप्ताह हर विभाग कम से कम 25 फाइलें ई माध्यम से प्रेषित की जाय. उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं में नवाचार करने तथा उनका लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए.
