जबलपुर: जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर चल रहे ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के पहले चरण में 77,378 आवेदनों में से 63,739 का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है। इनमें 63,623 आवेदन स्वीकृत हुए, जबकि 116 आवेदन अस्वीकार किए गए और 13,639 आवेदन लंबित हैं। अभियान के पहले चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी तक ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत और शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर दलों द्वारा घर-घर जाकर या शिविर लगाकर आवेदन प्राप्त किए गए। सभी आवेदन सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजे गए, और निराकरण की स्थिति भी पोर्टल पर अपडेट की गई। जिले में अभियान के दौरान कुल 88 शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 80 क्लस्टर स्तर, 7 विकासखंड स्तर और 1 जिला स्तर शिविर शामिल है।
दूसरे चरण से होगा लंबित आवेदनों का निराकरण
16 फरवरी से 16 मार्च तक अभियान का दूसरा चरण क्लस्टर स्तर पर शिविर लगाकर अनिराकृत आवेदनों का निराकरण करेगा। नागरिक इन शिविरों में नए आवेदन भी जमा कर सकेंगे। 16 मार्च से तीसरे चरण में खंड स्तर पर और 26 मार्च से 31 मार्च तक चौथे चरण में जिला स्तर पर अंतिम शिविर आयोजित कर सभी शेष आवेदन और शिकायतों का समाधान किया जाएगा। इस अंतिम चरण में लाभार्थियों को हिटलाभ मौके पर वितरित किए जाएंगे।
