
सतना/ मैहर। संयुक्त संचालक रीवा संभाग श्रीमती शशि श्याम ऊइके ने सोमवार को मैहर जिले का भ्रमण कर संकल्प से समाधान अंतर्गत आयोजित शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान संयुक्त संचालक ने आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर सैम, मैम, सूम श्रेणी के बच्चों की जानकारी ली एवं पोषण ट्रैकर ऐप से मिलान किया। इसके पश्चात आयोजित बैठक में समस्त सीडीपीओ, सुपरवाइजर एवं बीसी के साथ एचसीएम, टीएचआर की उपलब्धता एवं वितरण, आंगनवाड़ी भवन निर्माण, केंद्र संचालन, समग्र सत्यापन, अपार आईडी सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। आभा आईडी के निर्माण में जिले की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संयुक्त संचालक ने कमजोर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर पर्यवेक्षकों को नोटिस जारी करने तथा एक सप्ताह में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में स्वीकृत 112 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में शासन निर्देशानुसार भौतिक सुविधाओं के सत्यापन को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेन्द्र बांगरे उपस्थित रहे।
