भोपाल। थाना छोला मंदिर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डिजिटल अरेस्ट के शिकार एक व्यक्ति को सुरक्षित मुक्त कराते हुए संभावित बड़ी आर्थिक ठगी से बचा लिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त संजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अवधेश कुमार गोस्वामी, पुलिस उपायुक्त जोन-4 मधुर खंडेलवाल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मनीष सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त निशातपुरा अक्षय चौधरी के मार्गदर्शन में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 फरवरी को सायबर शाखा नगरीय पुलिस भोपाल से सूचना मिली कि थाना छोला मंदिर क्षेत्र के शिवनगर फेस-02 निवासी राजकुमार चौहान को अज्ञात साइबर ठगों द्वारा डिजिटल अरेस्ट कर रखा गया है। बताया गया कि पीड़ित अपने खाते से 1 लाख 43 हजार 500 रुपये ट्रांसफर कर चुका था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सरस्वती तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम पीड़ित के निवास स्थान पहुंची और उसे सुरक्षित मुक्त कराया। पूछताछ में सामने आया कि साइबर ठगों द्वारा पीड़ित पर करीब 1 लाख 50 हजार रुपये और ट्रांसफर करने का दबाव बनाया जा रहा था। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से संभावित आर्थिक नुकसान टल गया।
इस मामले में थाना छोला मंदिर में अपराध क्रमांक 109/26 धारा 318(4) एवं 319(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
