
इंदौर। विशेष अभियान के तहत देपालपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्रेजा कार से 40 पेटी माउंट बीयर बरामद कर दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है. जब्त शराब और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है.
पुलिस अधीक्षक इंदौर (ग्रामीण) यांगचेन डोलकर भूटिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रुपेश कुमार द्विवेदी के साथ एसडीओपी संघप्रिय सम्राट ने संयुक्त रुप से प्रेस कॉफ्रेंस में बताया कि थाना प्रभारी रणजीतसिंह बघेल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर देर रात घेराबंदी कर वाहन को पकड़ा. उन्हें सूचना मिली थी कि इंदौर से देपालपुर की ओर एक ब्रेजा कार एमपी 04 सीवी 5237 में अवैध शराब ले जाई जा रही है. इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार से 40 पेटी माउंट बीयर बरामद हुई, जिसकी मात्रा करीब 480 बल्क लीटर और कीमत लगभग 1 लाख 44 हजार रुपये आंकी गई. वहीं वाहन की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने मौके से राहुल पिता कैलाश दयाल कलौता उम्र 28 वर्ष, निवासी बडोली होज, थाना देपालपुर तथा महेश पिता सोहन सिंह केवट 27 वर्ष, निवासी सिंगावदा, थाना हातोद को गिरफ्तार किया है. दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया है.
