
पन्ना। पन्ना में हुई शाही शादी जिले भर मे चर्चा का विषय बनी है। जिले मे पहली बार गांव से दूल्हा अपने अजयगढ़ तहसील स्थित ग्राम पिस्टा से हेलीकॉप्टर मे पन्ना आया और स्थानीय शानवी लैंड होटल मे धूमधाम से शादी हुई और आज दुल्हन को विदाकर वापस अपने गांव हेलीकॉप्टर से ले गया। दूल्हा नितिन पांडे अपनी दुल्हनिया को लेने के लिए किसी सड़क मार्ग से नहीं, बल्कि आसमान के रास्ते हेलीकॉप्टर से रवाना हुआ।
कांग्रेस नेता ने पूरा किया बेटे का अरमानः- पिस्टा निवासी कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी भारत मिलन पांडे ने अपने बेटे नितिन की शादी को यादगार बनाने के लिए भारी भरकम रकम खर्च कर विशेष रूप से हेलीकॉप्टर मंगवाया। जैसे ही गांव के आसमान में हेलीकॉप्टर की गड़गड़ाहट सुनाई दी, पूरे गांव का हुजूम हेलीपैड की ओर उमड़ पड़ा। लोग दूल्हे राजा और फिर हेलीकॉप्टर से विदा होकर आई दुल्हनिया को देखने के लिए बेताब दिखे। जिले में यह अपनी तरह का पहला मामला बताया जा रहा है जहाँ बारात सीधे हेलीकॉप्टर से रवाना हुई और दुल्हन की विदाई भी उसी शान से की गई। यह शादी अब न केवल गांव बल्कि पूरे जिले में चर्चा का केंद्र बनी हुई है। भारत मिलन पांडे (दूल्हे के पिता) ने बताया कि बेटे की शादी को खास बनाना चाहता था, यह खुशी का पल है। वही नितिन पांडे (दूल्हा) का कहना है कि हेलीकॉप्टर से बारात ले जाना एक अलग अनुभव था, जो हमेशा याद रहेगा।
