श्रीनगर, 31 जुलाई (वार्त) जम्मू-कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा में अब तक चार लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके है।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को पवित्र वार्षिक अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं का आंकड़ा चार लाख पार होने पर यात्रा की व्यवस्था में शामिल सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री सिन्हा ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “बाबा अमरनाथ असंभव को संभव बनाते हैं। उनके आशीर्वाद से आज पवित्र यात्रा ने चार लाख का आंकड़ा पार कर लिया। मैं इस चमत्कार के लिए भगवान शिव को नमन करता हूं और इस पवित्र तीर्थयात्रा को भक्तों के लिए एक दिव्य अनुभव बनाने में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”
उन्होंने कहा कि देश और दुनिया से श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड संख्या में दर्शन और आगमन देश की एकता एवं चुनौतियों पर विजय पाने के उसके संकल्प का प्रमाण है। श्री सिन्हा ने कहा, “ मैं उन भक्तों का हृदय से आभारी हूं जिन्होंने अपार आस्था दिखाई है और हमारी अमूल्य आध्यात्मिक विरासत को मजबूत किया है।”
श्री सिन्हा ने कहा, “यह ईश्वरीय यात्रा अतुलनीय है इसलिए नहीं कि यह कठिन एवं चुनौतीपूर्ण है बल्कि इसलिए कि यह शुद्ध आनंद की एक अद्वितीय यात्रा है। यह एक आध्यात्मिक अनुभव है और भक्तों को स्वयं को जानने का अवसर देता है, गहरा विश्वास प्रदान करता है और उनके हृदय को असीम कृतज्ञता से भर देता है।”
गौरतलब है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से शुरू हुई थी और नौ अगस्त रक्षा बंधन के दिन समाप्त होगी। यह यात्रा समुद्र तल से 3888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर तक पहुंचती है। वहीं सुरक्षा कारणों से इस वर्ष किसी भी तीर्थयात्री के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं कराई गई है।
