
सीधी। लोकायुक्त टीम रीवा ने पांच हजार की रिश्वत लेते हुए बीएमओ सिहावल को ट्रैप किया। यह रिश्वत मेडिकल रिपोर्ट बनाने के एवज में मांगी गई थी। यह दबिश कार्रवाई आरोपी के कोदौरा स्थित क्लीनिक में लोकायुक्त टीम ने की। लोकायुक्त की छापामार कार्रवाई की खबर फैलते ही रिश्वतखोरों में हड़कंप मच गया। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्यवाही किए जाने के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग रीवा के द्वारा आज सुबह करीब 10 बजे सफल ट्रैप कार्यवाही की गई। लोकायुक्त के अनुसार शिकायतकर्ता अंकित शुक्ला पिता दिलीप शुक्ला उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम पांती पोस्ट/थाना/तहसील हनुमना जिला मऊगंज (म. प्र.)
द्वारा दिनांक 4 फरवरी 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया। शिकायत में कहा कि दिनांक 3 फरवरी 2026 को सिहावल बाजार में एक व्यक्ति से विवाद हुआ था जिससे मुझे कान में चोट आई थी। मेरे द्वारा सिहावल चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है । चौकी प्रभारी द्वारा मेडिकल कराने हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल भेजा गया जहां मेरा उपचार हुआ था। बीएमओ स्वतंत्र पटेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र द्वारा रिपोर्ट बनाने के एवज में मुझसे 5 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत प्राप्त होने पर लोकायुक्त संभाग रीवा के पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार द्वारा सत्यापन कराया गया । शिकायत सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग करना सही पाया गया | आज दिनांक 7 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपी स्वतंत्र पटेल पिता शिवबहोर पटेल उम्र 33 वर्ष, पद ब्लॉक मेडिकल अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहावल जिला सीधी निवासी ग्राम/पोस्ट कोदौरा थाना अमिलिया तहसील सिहावल जिला सीधी म.प्र. को 5 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए ट्रैप किया गया | आरोपी के विरुद्ध धारा 7 (क)भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 संशोधन अधिनियम 2018 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया । टीम द्वारा कार्यवाही की जा रही है ।
12 सदस्यीय टीम ने की कार्रवाई-
बीएमओ सिहावल स्वतंत्र पटेल के कोदौरा स्थित क्लीनिक में आज सुबह 12 सदस्यीय लोकायुक्त टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की। ट्रेपकर्ता अधिकारी एसराम मरावी निरीक्षक विपुस्था लोकायुक्त कार्यालय रीवा थे। वही
ट्रैप दल के सदस्य में प्रवीण सिंह परिहार उपपुलिस अधीक्षक विपुस्था लोकायुक्त कार्यालय रीवा ,
स्वतंत्र शासकीय गवाह द्वारा 12 सदस्यीय टीम के साथ कार्यवाही को देर शाम तक सर्किट हाउस सीधी में किया गया।
इनका कहना है
शिकायत की पूरी तरह से जांच और सत्यापन के बाद ही ट्रैप कार्रवाई की गई। इस ऑपरेशन में 12 सदस्यीय टीम शामिल थी और सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत पूरी की गई।
एस. राम मरावी , निरीक्षक लोकायुक्त रीवा
