कनेक्ट सेंटर में कांग्रेस का मंथन, ग्राम पंचायत और वार्ड समितियों के गठन पर बनी सहमति

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की व्यापक समीक्षा की। यह बैठक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन स्थित कनेक्ट सेंटर में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने की।

बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। इसमें जमीनी स्तर पर संगठन की पकड़ मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा कनेक्ट सेंटर के माध्यम से संगठनात्मक संवाद को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

इसके बाद इंदिरा भवन में आयोजित एक अन्य संगठनात्मक बैठक में प्रदेश भर में पार्टी ढांचे को और सशक्त बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के दौरान ग्राम पंचायत एवं वार्ड समितियों के गठन की रूपरेखा तय करने और आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना को समयबद्ध रूप से लागू करने पर सहमति बनी।

बैठकों में एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी चंदन यादव, पूर्व मंत्री एवं एसआईआर प्रभारी सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री संजय कामले, कनेक्ट सेंटर प्रभारी राजीव सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जे.पी. धनोपिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संगठन को बूथ, पंचायत और वार्ड स्तर तक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं को सीधे जनता से जोड़ते हुए सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ लागू करने के निर्देश दिए।

Next Post

सीएम डॉ यादव सीतामढ़ी धाम ग्राम गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

Sat Feb 7 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 8 फरवरी को शहडोल जिले के जयसिंहनगर में सीतामढ़ी धाम ग्राम गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। सीतामढ़ी धाम श्रीरामचन्द्र पथगमन मार्ग में आता है। ऐसी मान्यता है कि भगवान श्री राम वन गमन की यात्रा अयोध्या से शुरू कर चित्रकूट होते […]

You May Like