इंदौर: प्रदेश की नारकोटिक्स विंग ने नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान के तहत इंदौर दवा बाजार में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. इसमें करीब 500 दवा व्यापारियों और कर्मचारियों को अवैध मादक पदार्थों के दुष्परिणाम, एनडीपीएस एक्ट के प्रावधान और दवाओं के वैधानिक भंडारण व विक्रय संबंधी नियमों की जानकारी दी गई.
अधिकारियों ने कहा कि कुछ अपराधी प्रिस्क्रिप्शन दवाओं का दुरुपयोग कर सिंथेटिक मादक पदार्थों का अवैध कारोबार करते हैं. ऐसे मामलों की रोकथाम में दवा व्यापारियों की सतर्कता और सहयोग महत्वपूर्ण है.
कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारियों ने नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया. इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक संतोष हाड़ा ने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम में दवा व्यापारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. उन्होंने व्यापारियों से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की.
