
सीधी। नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन सीधी, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा नगर पालिका परिषद सीधी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “संकल्प” नशा मुक्त समाज कार्यक्रम के तहत मंगलवार को व्यापक जनजागरूकता रैली, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं सामूहिक संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सीधी विधायक श्रीमती रीती पाठक की अगुवाई में पूजा पार्क से गांधी चौक तक विशाल जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “नशा मुक्त युवा, सशक्त भारत”, “न हम नशा करेंगे, न किसी को करने देंगे” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। पूरे मार्ग में नशे के दुष्परिणामों को लेकर संदेश दिए गए और नागरिकों से इस सामाजिक अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। यह केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर देता है। नशे की लत से व्यक्ति अपना जीवन खो देता है और उसके बाद परिवार असहाय हो जाता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इसकी शुरुआत स्वयं से और अपने घर से करनी होगी। अपने वार्ड, गांव और जिले को नशामुक्त बनाने के लिए हर व्यक्ति को जागरूक होकर पहला कदम उठाना होगा। उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी को इस अभियान की जिम्मेदारी संभालने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को समाज परिवर्तन का नेतृत्व करना चाहिए। परिवारों में संवाद का वातावरण बनाना आवश्यक है और बच्चों को पर्याप्त समय देना चाहिए, ताकि वे गलत संगति एवं नशे की प्रवृत्ति से दूर रह सकें। विधायक ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन स्वयं के लिए कम से कम एक घंटा अवश्य निकाले और योग, व्यायाम, आत्मचिंतन या अपनी रुचि के किसी सकारात्मक कार्य में समय लगाए। इससे शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर रहेगा तथा व्यक्ति नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहेगा। कार्यक्रम के दौरान नशे के प्रतीकात्मक पुतले का दहन कर समाज को यह संदेश दिया गया कि नशे जैसी बुराई को सामूहिक संकल्प और जनसहभागिता से समाप्त किया जा सकता है। इसके पश्चात गांधी चौक स्थित पूज्य महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष “नशामुक्त सीधी” का सामूहिक संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, पार्षद आनंद परियानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, उपखंड अधिकारी राकेश शुक्ला, उपसंचालक सामाजिक न्याय धनंजय मिश्रा, विश्वबंधुधर द्विवेदी, पंकज पाण्डेय, पुनीत नारायण शुक्ल, सुरेंद्र शुक्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
नशा मुक्ति पर आधारित प्रेरक गीतों की प्रस्तुति-
कार्यक्रम में सुरेंद्र शुक्ला एवं सांदीपनि विद्यालय की छात्राओं द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित प्रेरक गीतों की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को प्रभावशाली स्वरूप प्रदान किया और नशामुक्त समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि नशा मुक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जनआंदोलन है, जिसे गांव-गांव और जिले के कोने-कोने तक पहुंचाकर एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
