रीवा। रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की नई बस्ती पड़रा में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर महज आधे घंटे के भीतर लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
बताया जा रहा है कि चोर घर से करीब 12 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित नागेंद्र सिंह ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
