
भोपाल। शिवपुरी में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में राजधानी भोपाल के अधिवक्ताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। घटना के विरोध स्वरूप भोपाल के वकीलों ने सामूहिक हड़ताल कर न्यायिक कार्य से दूरी बनाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
हड़ताल का नेतृत्व अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपक खरे ने किया। इस दौरान वकीलों ने न्यायालय परिसर में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया । प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती हैं।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। हड़ताल के कारण न्यायालयों में कई मामलों की सुनवाई प्रभावित रही और आम लोगों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। वकीलों ने राज्य सरकार से अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस नीति बनाने तथा आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
