
शहडोल। जिले में हाथियों की आवाजाही के कारण शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर करीब 10 घंटे के भीतर दो बार यातायात रोकना पड़ा। देवलोंद वन परिक्षेत्र के झिरिया-शहरगढ़ इलाके में पिछले तीन साल से अधिक समय से रह रहा करीब दो दर्जन हाथियों का झुंड शनिवार शाम नादो की ओर गया और रविवार तड़के वापस लौटा।
हाथियों को सड़क पार करना था, इसलिए वन विभाग की टीमों ने सुरक्षा के मद्देनजर करीब 10 घंटे के भीतर दो बार वाहनों की आवाजाही बंद कराई। हाथियों के सुरक्षित सड़क पार करने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया। उधर, ब्यौहारी के गोदावल वन परिक्षेत्र में बांधवगढ़ की ओर से आए 30 से अधिक हाथियों के नए झुंड ने भी वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। इस झुंड ने खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ दो झोपड़ियां भी तोड़ दी हैं।
रविवार तड़के हाथियों का झुंड नादो से वापस झिरिया की ओर लौट आया। इस दौरान उन्हें एक बार फिर मुख्य मार्ग पार करना पड़ा। वन विभाग की टीम ने दोबारा सतर्कता बरतते हुए यातायात बंद कराया। झुंड में छोटे हाथी भी शामिल हैं, इसलिए उनकी आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है। इसी क्षेत्र में हाल ही में करंट लगने से एक हाथी की मौत भी हो चुकी है।
