
डिंडौरी। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत डिंडौरी जिले में संचालित “सुगढ़ टूरी–आज स्वस्थ, कल सशक्त” अभियान ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। जिले में एक ही दिन में रिकॉर्ड ब्रेकिंग एनीमिया जांच कर डिंडौरी न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देशभर के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है।कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस ऐतिहासिक वन-डे एनीमिया जांच अभियान के तहत 38 हजार स्वास्थ्य परीक्षणों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, लेकिन जिले की सक्रिय भागीदारी और प्रशासनिक समन्वय से यह आंकड़ा पार करते हुए लगभग 48 हजार किशोरियों, महिलाओं और ग्रामीण दीदियों का हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया।
620 केंद्रों पर एक साथ स्वास्थ्य अभियान —
अभियान के अंतर्गत जिले के 620 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों और आईटीआई संस्थानों को शिविर केंद्र के रूप में विकसित किया गया। यहां किशोरी बालिकाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं का एनीमिया परीक्षण किया गया।स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा पंचायत अमले के समन्वय से यह अभियान मिशन मोड में संचालित हुआ।
इंडिया व एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की टीम ने किया निरीक्षण — अभियान की व्यापकता और प्रभावशीलता को देखते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की निर्णायक टीम दिल्ली से डिंडौरी पहुंची। टीम ने विभिन्न शिविर केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, सहभागिता और रियल-टाइम मॉनिटरिंग की सराहना की।
रिकॉर्ड्स टीम ने इसे स्वास्थ्य क्षेत्र में एक अभिनव, अनुकरणीय और उत्कृष्ट पहल बताया।रियल-टाइम मॉनिटरिंग से मिली सफलता पूरे अभियान की निगरानी जिला स्तर से ऑनलाइन रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए की गई। इससे सभी शिविरों में समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारु रूप से कार्य संपन्न हुआ। पर्याप्त स्वास्थ्य स्टाफ, जांच उपकरण और हितग्राहियों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया।
स्वस्थ बेटियां, सशक्त भविष्य “सुगढ़ टूरी–आज स्वस्थ, कल सशक्त” अभियान ने एनीमिया जैसी गंभीर समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय रहते जांच और उपचार की दिशा में मजबूत नींव रखी है। यह पहल साबित करती है कि स्वस्थ बेटियां ही सशक्त समाज और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
