इंदौर: जोधपुर इंदौर एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक महिला का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है. पर्स में नकदी, सोने चांदी के जेवर, मोबाइल सहित करीब 81 हजार रुपए का सामान रखा था. घटना भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास हुई. जीआरपी इंदौर ने शून्य पर मामला दर्ज कर केस डायरी जीआरपी चित्तौड़गढ़ को भेज दी है.
नरेश सिंह, निवासी इंदौर, 16 जुलाई को अपने परिवार के साथ जोधपुर इंदौर एक्सप्रेस के बी 5 कोच की बर्थ नंबर 65, 68 और 71 पर यात्रा कर रहे थे.
सफर के दौरान उनकी पत्नी अपना लेडीज पर्स सिरहाने रखकर सो गईं. भीलवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास नींद खुलने पर पर्स गायब मिला. पर्स में वनप्लस कंपनी का मोबाइल, 6,100 रुपए नकद, चांदी की चेन, तीन ग्राम वजनी सोने के टॉप्स, सोने की अंगूठी सहित अन्य सामान रखा था, जिसकी कीमत करीब 81,100 रुपए बताई गई है. घटना का क्षेत्राधिकार जीआरपी चित्तौड़गढ़ का होने से जीआरपी इंदौर ने शून्य पर प्रकरण दर्ज कर केस डायरी आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी चित्तौड़गढ़ को भेज दी है.
