
सतारा। उत्तर प्रदेश पुलिस को चकमा देते हुए मारपीट और तोड़फोड़ के एक मामले में वांछित आरोपी ने महाराष्ट्र के सतारा जिले में शादी रचा ली। खास बात यह रही कि आरोपी की तलाश में यूपी पुलिस की टीम उसी राज्य में मौजूद थी, फिर भी वह गिरफ्त से बाहर रहा।
आरोपी अक्षय कदम पर शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाने में दर्ज एक प्रकरण में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उस पर पिछले वर्ष 19 दिसंबर की रात नगरीया मोड़ स्थित भाजपा नेता दिवाकर सिंह के होटल पर हमला करने का आरोप है। घटना में होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट, संपत्ति में तोड़फोड़, मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से अभद्रता और एक सुरक्षाकर्मी को जबरन वाहन में बैठाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार इस मामले में कुल पांच लोग आरोपी हैं, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अक्षय कदम समेत तीन आरोपी अब भी फरार हैं। इसी बीच जानकारी मिली कि कदम ने गुरुवार को सतारा जिले के एक मैरिज लॉन में विवाह कर लिया।
सूत्रों का कहना है कि आरोपी की तलाश में यूपी पुलिस की एक टीम महाराष्ट्र में डेरा डाले हुए थी, बावजूद इसके शादी की रस्में पूरी हो गईं। घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए फिर से सघन तलाश अभियान चलाए जाने की तैयारी की जा रही है।
