चंडीगढ़, 27 फरवरी (वार्ता) पंजाब विश्वविद्यालय ने गुरुवार को आने वाले दीक्षांत समारोह में छात्रों और अधिकारियों के लिए परिधान में बदलाव की घोषणा की, जिसके अनुसार छात्र अब भगवा जैकेट पहनेंगे।
पंजाब विश्वविद्यालय की जारी विज्ञप्ति के अनुसार 72वें दीक्षांत समारोह के लिए छात्रों और अधिकारियों के औपचारिक परिधान में परिवर्तन किया गया है और बिना बाहों के ‘बंद गला’ जैकेट पहनने की व्यवस्था की गयी है, जिस पर किनारे पर फुलकारी कढ़ाई की गई होगी। जैकेट आधिकारिक बाहरी परिधान होगा और किराये पर उपलब्ध होगा।
यह परिधान कलर कोडेड होगा और स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को भगवा, पीएचडी, डीएससी और डी लिट प्राप्तकर्ताओं को लाल, डीन के लिए हरा, फ़ेलो के लिए नीला और मानद उपाधि और पंजाब विश्वविद्यालय रतन खिताब वालों के लिए के लिए गुलाबी रंग का जैकेट होगा। जैकेट के साथ पुरुषों के लिए सफेद कमीज और मटमैले रंग का ट्राउज़र या सफेद/ क्रीम/ मटमैले रंग का कुर्ता-पाजामा और उसी शेड की पगड़ी (यदि पहनते हैं तो) होगा और महिलाओं के लिए सफेद कमीज-मटमैला ट्राउज़र या फिर सफेद/क्रीम/मटमैला सलवार सूट, चूड़ीदार सूट मैचिंग दुपट्टे के साथ या साड़ी होगी।
दीक्षांत जैकेट 120 रुपये के किराये और लौटाई जाने वाली सुरक्षा राशि एक हजार रुपए पर उपलब्ध होगा।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर रेनू विग ने बताया कि परिधान परंपरा के सरंक्षण के साथ अकादमिक शिष्टाचार के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने कहा कि फुलकारी कढ़ाई का इस्तेमाल पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है और दीक्षांत परिधान को सुरुचिपूर्ण और सार्थक बनाता है, जिससे छात्रों तथा शिक्षकों में भी गर्व की भावना आती है।
परिधान की डिजाइन विश्वविद्यालय के फैशन टेक्नॉलजी एण्ड वोकेशनल विभाग की प्रमुख डॉ. प्रभदीप बरार ने विश्वविद्यालय की अनुसंधान और विकास विभाग के निदेशक प्रोफेसर योजना रावत की देखरेख में तैयार की है।
