
सिंगरौली । शिक्षिका को ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठने, बंधक बनाकर मारपीट करने और दुष्कर्म करने के गंभीर मामले में जियावन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश कुमार साहू पिता रामाधार साहू उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम छिवा/सहुआर थाना जियावन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पीड़ि़ता के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया तथा उसके मंगेतर को भेजकर शादी तोड़वाने का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल पचौर भेज दिया गया।
पुलिस मीडिया सेल के अनुसार पीड़ि़ता शिक्षिका ने परिजनों के साथ थाना जियावन पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना जियावन में धारा 66(ई),67 आईटी एक्ट के तहत प्रकरण विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सियाज केएम के निर्देश पर थाना प्रभारी जियावन उप निरीक्षक शेष नारायण दुबे और थाना प्रभारी सरई निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। इधर पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2017 में थाना जियावन में धारा 279, 337 भादवि तथा मोटरयान अधिनियम की धाराओं 146, 180, 181, 196 के तहत मामला दर्ज था। वर्तमान प्रकरण उसका दूसरा दर्ज आपराधिक मामला है। कार्रवाई में एएसआई दिनेश कुमार, आर प्रभात दुबे सहित जियावन पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही।
