
इंदौर. शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत चंदन नगर पुलिस ने लगातार तीसरे दिन कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. जगदीशपुरी स्थित खाली मैदान से पकड़े गए आरोपी के पास से 10.66 ग्राम ब्राउन शुगर मिली है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपए बताई गई है. पुलिस अब इसके स्रोत और इंदौर-अजमेर के बीच सक्रिय संभावित अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है.
शनिवार की रात चंदन नगर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी. इसी दौरान जगदीशपुरी के खाली मैदान में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा. पूछताछ में उसकी पहचान आमिर उर्फ चोटी उम्र 35 साल, पिता महबूब खान, निवासी केशव नगर के रूप में हुई. तलाशी लेने पर उसके पास से 10.66 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई. पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी के खिलाफ चंदन नगर थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है. उसके आपराधिक रिकॉर्ड में पहले के तीन मामले भी सामने आए हैं. इनमें चंदन नगर, एमजी रोड पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पता लगा रही है कि ब्राउन शुगर उसे कहां से मिली थी और वह इसे किसे बेचने वाला था. जांच में इंदौर-अजमेर के बीच संभावित अंतरराज्यीय संपर्कों को भी खंगाला जा रहा है. इसके लिए पुलिस मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत से लेकर आगे इसकी खरीद-बिक्री और वितरण से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है. आरोपी का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी वेदेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि राज्यस्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत लगातार तीसरे दिन कार्रवाई कर ब्राउन शुगर जब्त की गई है. आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मादक पदार्थ के स्रोत की जांच की जा रही है. इंदौर-अजमेर नेटवर्क से जुड़े संभावित संपर्कों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाकर अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
